देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराया है. पीएम मोदी ने आज 11वीं बार देश को संबोधित किया। पीएम मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश के लिए बलिदान देने वाले अनगिनत ‘आजादी के दीवाने’ को श्रद्धांजलि देने का दिन है. यह देश उनका ऋणी है.
पीएम मोदी ने कहा कि देश के 40 करोड़ लोगों ने दुनिया की महासत्ता को उखाड़ कर फेंक दिया था. हमारे पूर्वजों का खून हमारे शरीर में है. आज हम 140 करोड़ नागरिक हैं. अगर हम संकल्प लेकर चलते हैं तो हम हर चुनौती को पार करते हुए विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं.
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि प्यारे देशवासियों इस वर्ष और पिछले कुछ वर्षों से प्राकृतिक आपदाओं में अनेक लोगों ने अपने परिवारों को खोया है. संपत्ति खोई है. राष्ट्र निधि का नुकसान हुआ है. मैं आज उन सबके प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि देश इस संकट की घड़ी में उन सबके साथ खड़ा है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरे प्यारे देशवासियों हम जरा आजादी के पहले के उन दिनों को याद करें. सैकड़ो साल की गुलामी. हर कालखंड संघर्ष का रहा है. महिला हो, युवा हो, आदिवासी हो, वे सब गुलामी के खिलाफ जंग लड़ते रहे. 1857 का स्वतंत्रता संग्राम के पूर्व ही हमारे कई आदिवासी क्षेत्र थे, जहां आजादी की जंग लड़ी जाती रही थी. आजादी की जंग इतनी लंबी थी. अपरंपार यातनाएं, जुल्मी शासन सामान्य मानवी का विश्वास तोड़ने की तरकीबें, फिर भी उस समय की संख्या के करीब 40 करोड़ देशवासियों ने वो जज्बा दिखाया, वो सामर्थ्य दिखाया.
