नगर पंचायत शाहपुर में निर्विरोध चुने गए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष

नगर पंचायत शाहपुर ने आज अपने नए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्विरोध चुनाव कर एक उदाहरण पेश किया। जिसमें अध्यक्ष पद के लिए वार्ड नंबर एक की पार्षद उषा शर्मा तथा उपाध्यक्ष के रूप में वार्ड नंबर सात के पार्षद विजय गुलेरिया को चुना गया। शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने इस मौके पर चुने गए पदाधिकारियों को बधाई देते हुए, उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि शाहपुर में हुई यह जीत मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के विश्वसनीय नेतृत्व और लोक हितैषी नीतियों की जीत है।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत शाहपुर के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर पार्टी समर्थित प्रत्याशियों की ताजपोशी होना उनके लिए व्यक्तिगत तौर पर गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्तासीन सुक्खू सरकार ने, अपने पहले ही स्थानीय निकाय चुनाव में निर्विरोध रूप से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर पार्टी समर्थित कार्यकर्ताओं की ताजपोशी करवा कर अपनी लोकप्रियता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार की नीतियों और जनकल्याण के संकल्प से प्रभावित होकर क्षेत्र के पार्षदों ने उनके दल का समर्थन किया है।
उन्होंने कहा कि इसी माह की शुरुआत में शाहपुर नगर पंचायत के चार पार्षदों, विजय गुलेरिया, उषा शर्मा, आजाद सिंह व सुषमा चौहान ने जिलाधीश कांगड़ा के समक्ष अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। उन्होंने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 21 जुलाई का दिन निर्धारित किया गया था, लेकिन फ्लोर टेस्ट होने पूर्व ही अध्यक्षा निशा शर्मा व उपाध्यक्ष किरण कौशल ने अपना अपना त्यागपत्र एसडीएम के कार्यालय में सौंप दिया।
पठानिया ने कहा कि त्यागपत्र के बाद खाली हुई सीटों के लिए उपायुक्त कांगड़ा द्वारा 21 तारीख को ही चुनाव करवाने संबंधी अधिसूचना जारी की गई। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के सभी पार्षदों ने एकमत से चुनाव ना करवा कर निर्विरोध अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनने का निर्णय लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *