चंद्रयान-3 : मंडी जिला के प्रषुमन का घर लौटने पर ज़ोरदार स्वागत

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के पश्चात पहली बार घर वापिस लौटे प्रषुमन का स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान शुभम शर्मा द्वारा सैंकड़ों की तादाद में हार और तालियों के साथ जोरदार स्वागत किया गया। गौरतलब है कि 23 अगस्त शाम को 6 बजे के करीब जब भारत ने चांद पर पहुंचने के सपने को साकार किया, तो पूर्ण भारतवर्ष में खुशी की लहर दौड़ गई।

विज्ञान की जय जयकार के साथ इसमें हिस्सा लेने वाले वैज्ञानिकों में से जब पता चला कि हिमाचल के कांगड़ा से रजत, अनुज और मंडी की ग्राम पंचायत टांडू के प्रषुमन की भी इस ऐतिहासिक उत्सव में भागीदारी है, तो प्रदेश भर में बधाइयों का तांता लग गया। शनिवार शाम करीब 4 बजे मंडी जिला की ग्राम पंचायत टांडू में भी इस उत्सव को चार पंख लगाते हुए स्थानीय प्रधान शुभम शर्मा ने प्रषुमन का पंचायत टांडू में जोरदार स्वागत किया। वहीं पंचायत की ओर से उन्हें सम्मानित भी किया गया।

शुभम ने अपने संबोधन में कहा कि चांद पर भारत का पहुंचना ऐतिहासिक है और इसके बधाई पात्र वैज्ञानिक और भारत सरकार है। उन्होंने कहा कि उनकी पंचायत के स्थाई निवासी प्रषुमन भी इस मिशन का हिस्सा थे। इससे पंचायत में खुशी का माहौल है और प्रषुमन हमारे लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। शुभम ने कहा कि समस्त युवाओं को प्रषुमन से सीख लेकर इसी तर्ज पर परिवार, पंचायत, जिला, प्रदेश और देश का नाम रोशन करना चाहिए।

वहीं प्रषुमन ने भी अभिनंदन हेतु पंचायत का आभार जताया व उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए, सफलता की गाथा को बयां किया और अपने माता पिता एवं गुरुओं का भी धन्यवाद किया ! प्रषुमन ने बताया कि लक्ष्य बहुत मुश्किल था और 2019 में भी इस लक्ष्य को पाते पाते रह गए थे। परंतु इस बार प्रयास सफल हुआ। जिसके लिए पूरी टीम की मेहनत मायने रखती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *