हिमाचल सरकार ने कांस्टेबल के 1228 पदों पर भर्ती से पहले नियम बदले हैं। कांस्टेबल बनने के लिए सभी श्रेणी में एक इंच लंबाई बढ़ाई गई है। बड़ी बात यह है कि 5.7 फीट से ज्यादा लंबाई के युवाओं को एक्स्ट्रा अंक मिलेंगे। जिसकी लंबाई छह फीट या इससे भी ज्यादा है, उसे 6 एक्स्ट्रा अंक मिलेंगे। कांस्टेबल भर्ती होने के लिए सामान्य श्रेणी के पुरुषों की लंबाई 5.6 फीट, रिजर्व कैटेगरी के लिए 5.4 फीट और महिलाओं के लिए 5.2 फीट होनी चाहिए। जिन युवाओं की लंबाई 5.6 फीट होगी, उन्हें भर्ती में अतिरिक्त अंक नहीं मिलेंगे, लेकिन 5.7 फीट से 5.8 फीट लंबाई वाले अभ्यर्थी को एक अंक अतिरिक्त मिलेगा।
लंबाई के हिसाब से मिलेंगे अंक
5.8 फीट से 5.9 फीट के बीच की लंबाई वाले अभ्यर्थियों को 2 अतिरिक्त नंबर, 5.9 फीट से 5.10 फीट वाले युवाओं को 3 नंबर, 5.10 फीट से 5.11 फीट वाले युवा को 4 नंबर, 5.11 फीट से 6 फीट के बीच की लंबाई वाले अभ्यर्थियों को 5 अंक तथा 6 फीट या इससे अधिक लंबाई वाले युवा को 6 अतिरिक्त अंक मिलेंगे।
1500 मीटर दौड़ जरूरी
ग्राउंड टेस्ट में पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सरकार ने 1500 मीटर दौड़ रखी है, जिसे 5.30 मिनट में पूरा करना होगा। वहीं, महिलाओं को 800 मीटर दौड़ 3.45 मिनट में पूरी करनी होगी। पुरुषों के लिए 1.35 मीटर और महिलाओं को 1.10 मीटर ऊंची कूद लगानी होगी।
वहीं, पुरुषों को 4 मीटर लंबी और महिलाओं को 3 मीटर लंबी छलांग लगानी होगी। पुरुषों को 100 मीटर की दौड़ 14 सेकेंड तथा महिलाओं को 17 सेकेंड में पूरी करने की शर्त लगाई गई है। जिन युवाओं के पास NCC का प्रमाण पत्र होगा, उन्हें भी इसके अंक मिलेंगे। A-सर्टिफिकेट के 1 अंक, B सर्टिफिकेट के 2 अंक और C सर्टिफिकेट के 3 अंक मिलेंगे। जिस अभ्यर्थी के पास सभी प्रमाणपत्र होंगे, उन्हें 4 अंक दिए जाएंगे।
30% पद भरे जाएंगे महिलाओं में से
हिमाचल कैबिनेट ने कांस्टेबल के 1228 पद भरने की मंजूरी दे रखी है। इनमें 30 फीसदी पद महिलाओं में से भरे जाएंगे। पुलिस मुख्यालय में भर्ती की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
