कारगिल से पाकिस्तान को PM मोदी की चेतावनी

कारगिल से PAK को PM मोदी की चेतावनी

कारगिल दिवस के मोके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख के द्रास में पहुंचे. यहां पर उन्होंने कारगिल विजय दिवस के मौके पर वॉर मेमोरियल पहुंचकर पाकिस्तान के खिलाफ जंग में शहीद होने वाले जवानों को श्रद्धांजलि दी. पीएम मोदी ने कारगिल से पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि उसके नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे.

पड़ोसी मुल्क की आतंकी हरकतों को उजागर करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “पाकिस्तान ने अतीत में जितने भी दुष्प्रयास किए, उसे मुंह की खानी पड़ी है, लेकिन पाकिस्तान ने अपने इतिहास से कुछ नहीं सीखा है. वो आतंकवाद के सहारे, प्रॉक्सी वॉर के सहारे अपने आप को प्रासंगिक बनाए रखने का प्रयास कर रहा है.”

उन्होंने कहा, “मगर आज मैं उस जगह से बोल रहा हूं, जहां आतंक के आकाओं को सीधे सुनाई पड़ रही है. मैं आतंकवाद के इन सरपरस्तों को कहना चाहता हूं कि उनके नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे.”

पीएम मोदी ने लद्दाख में शिंकुन ला सुरंग परियोजना की भी पहले ब्लास्ट के साथ शुरुआत की. प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, यह परियोजना लेह को सभी मौसम में संपर्क प्रदान करेगी और पूरी होने पर यह दुनिया की सबसे ऊंची सुरंग होगी. पिछले कुछ वर्षों में सरकार लद्दाख में बहुत ज्यादा फोकस कर रही है. यहां पर कई प्रमुख सड़कों की मरम्मत की गई है और नई सड़कों और पुलों को बनाया गया है.

कारगिल में शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “कारगिल विजय दिवस हमें बताता है कि राष्ट्र के लिए दिये गए बलिदान अमर होते हैं. दिन, महीने वर्ष गुजरते हैं, दशक गुजरते हैं और सदियां भी गुजर जाती हैं. मगर राष्ट्र की रक्षा के लिए अपनी जान की बाजी लगाने वाले लोगों के नाम अमिट रहते हैं. कारगिल में हमने केवल युद्ध नहीं जीता था, हमने ‘सत्य, संयम और सामर्थ्य’ का अद्भुत परिचय दिया था.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *