पूरे भारतवर्ष में आज से मिशन इंद्रधनुष 5.0 अभियान शुरू हो गया है और इस अभियान के अंतर्गत तीन राउंड में गर्भवती और 5 साल तक के बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। जिन बच्चों का टीकाकरण अधूरा रह गया है उन्हें चिन्हित कर उनका टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए आज से जिला कांगड़ा में भी मिशन इंद्रधनुष-5.0 शुरू हो गया । मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉक्टर सुशील शर्मा ने बताया कि मिशन इंद्रधनुष तीन चरणों में चलाया जाएगा। पहला 7 से 12 अगस्त, दूसरा 11 से 16 सितंबर और तीसरा चरण 9 से 14 अक्टूबर तक होगा। टीकाकरण की रिपोर्टिंग यू-विन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।
CMO कांगड़ा ने बताया कि कोविड में कोविन की तर्ज पर स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा यूएनडीपी के माध्यम से यू-विन पोर्टल का निर्माण किया गया है। उन्होंने बताया कि यू-विन पोर्टल के माध्यम से बच्चों को होने वाले टीकाकरण का सारा रिकॉर्ड डिजिटाइज किया जाएगा। जिससे भविष्य में किसी भी स्थान पर यदि वे जाते हैं तो उनके टीकाकरण का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि सघन मिशन इंद्रधनुष (आईएमआई- 5.0) में यू-विन पोर्टल के माध्यम से बच्चों व गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण कर उनके टीकाकरण रिकॉर्ड को अपलोड किया जाएगा।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि टीकाकरण के समय अपने बच्चे या गर्भवती महिला को यू-विन पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत करने में स्वास्थ्य कर्मचारियों का सहयोग करें। उन्होंने बताया कि मिशन के अंतर्गत लाभार्थियों का देश में कहीं भी टीकाकरण किया जा सकता है और इसका प्रमाण पत्र यू-विन पोर्टल पर मिलेगा। यू विन पोर्टल एक ऐसा डिजिटल माध्यम है जिनमें बच्चों को उनके परिवार या संरक्षक के मोबाइल पर पंजीकृत किया जाएगा, जिसके उपरांत टीकाकरण सत्र, दिनांक, स्थान की सारी जानकारी डिजिटली मिलेगी।
