पर्यटन नगरी मनाली में आज से विंटर कार्निवल का आगाज हो गया है। जो कि छह जनवरी तक चलेगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने कल्चर-परेड को हरी झंडी दिखाकर इसका शुभारंभ किया। बता दे कि कार्निवल में विंटर क्वीन और वॉइस ऑफ कार्निवाल चुना जाएगा। इसमें देशभर के प्रतिभागी भाग लेंगे। मनाली में नेशनल लेवल का कार्निवल पर्यटकों के आकर्षण व मनोरंजन का मुख्य केंद्र रहेगा। पहले दिन मनाली के परिधि गृह से मालरोड तक महिला मंडलों और सांस्कृतिक दलों ने खूबसूरत झांकियां निकालीं। इस दौरान मॉलरोड पर हिमाचल की पहाड़ी सांस्कृति देखने को मिली। इसे देखने के लिए स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में पर्यटक मनाली पहुंचे।
मनाली में कल से ‘महानाटी’
विंटर कार्निवाल में 3 और 5 जनवरी तक महानाटी का आयोजन होगा। इसमें विभिन्न महिला मंडल की लगभग 2000 महिलाएं भाग लेंगी। गौर रहे कि मनाली की महानाटी गिनिज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। लिहाजा कल से यह महानाटी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहेगी।
हिडिंबा मंदिर में की पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने मनाली के मशहूर हिडिंबा माता के मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक भुवनेश्वर गौड़, कामगार संघ के अध्यक्ष राजीव राणा भी मौजूद रहे।
कुल्लू में मुख्यमंत्री ने ये प्रोजेक्ट किए जनता को समर्पित
कुल्लू में सुबह के वक्त मुख्यमंत्री ने कुल्लू में 198 करोड़ रुपए लागत की 13 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने 20 करोड़ रुपए से की लागत से निर्मित सब्जी मंडी बंदरोल तथा 9.07 करोड़ रुपए से रायसन में ब्यास नदी पर बने डबल लेन पुल का लोकार्पण किया। उन्होंने नेहरू कुंड (बाहांग) में ब्यास नदी पर बुरवा और शनाग सम्पर्क मार्ग को जोड़ने वाले 6.44 करोड़ रुपए से बने स्टील ट्रस ब्रिज, जगतसुख नाला पर 4.07 करोड़ और चक्की नाला पर 3.37 करोड़ से बने आरसीसीटी-बीम पुलों, पतलीकूहल में 20 लाख रुपये से बने विवेकानन्द पुस्तकालय, मनाली में 7.83 करोड़ से बनी इको-फ्रेंडली मार्केट मढ़ी, सोलंगनाला में 54 लाख रुपये से तैयार वे साइड सुविधाएं और सजला में 29 लाख रुपये की लागत से निर्मित आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन का उद्घाटन किया।
