हिमाचल में लगातार मौसम के चलते भूस्खलन व सड़क बंद होने की घटनाएं सामने आ रही है। मंडी से कुल्लू नेशनल हाइवे-21 मील के पास भूस्खलन के कारण रास्ता बंद हो गया है। इससे आम यात्रियों को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंडी के 9 मील के पास बीती रात 3 बजे हाईवे पर पहाड़ी से लैंडस्लाइड हो गया। लैंडस्लाइड के वक्त यहां से गुजर रहा एक ट्रक और पिकअप भी मलबे में फंस गया। दोनों गाड़ियों के ड्राइवर ने भागकर अपनी जान बचाई।
इसकी सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया है। नेशनल हाईवे आथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) सड़क बहाली में जुट गई है। प्रशासन सुबह 10 बजे तक सड़क बहाल करने के दावे कर रहा है। मगर मौके पर पहाड़ी से बार बार मलबा आ रहा है। इससे सड़क बहाली के काम में बाधा उत्पन्न हो रही है और मौके पर खतरा बना हुआ है।
सड़क बंद होने के बाद 9 मील के पास हाईवे पर दोनों और वाहनों की लंबी लंबी कतारे लग गई है। मंडी से छोटे वाहन अल्टरनेटिव रोड़ वाया कटोला-पंड़ोह होते हुए भेजे जा रहे है। मगर बड़े वाहनों की आवाजाही इस सड़क से संभव नहीं है। इससे बस, पिकअप और बड़े ट्रक हाईवे की बहाली का इंतजार कर रहे हैं।
