बल्ह का जगदीश मलेशिया में संकट में, परिजनों ने लगाई मदद की गुहार

Jagdish in trouble in Malaysia

मंडी जिला के बल्ह उपमंडल के कसारला गांव का 41 वर्षीय जगदीश कुमार पुत्र बलीभद्र मलेशिया में किसी संकट में फंस गया है। जगदीश के बड़े भाई लोकपाल ने पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष और डीसी मंडी के माध्यम से मदद और अपने भाई को सुरक्षित वापिस भारत लाने की गुहार लगाई है। लोकपाल ने बताया कि उसका भाई दिसंबर 2019 को रोजगार के सिलसिले में मलेशिया गया था। सबकुछ ठीक था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से वह परेशान रहने लग गया था। जगदीश ने अपने भाई लोकपाल को फोन पर बताया था कि जिन लोगों के साथ वह रह रहा है उनके साथ उसका कोई विवाद हो गया है और ये लोग उसे डरा धमका रहे हैं। अब बीते करीब सप्ताह भर से जगदीश का मोबाइल नंबर बंद आ रहा है और उसके साथ किसी भी प्रकार का कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।

लोकपाल ने अंदेशा जताया है कि उसके छोटे भाई के साथ वहां कोई अनहोनी हो गई है। इन्होंने डीसी मंडी के माध्यम से भी केंद्र सरकार से मदद की गुहार लगाई है और नेता प्रतिपक्ष से भी मामले में मदद का निवेदन किया है। लोकपाल ने कहा कि केंद्र सरकार इस मामले में हस्तक्षेप करे और मलेशिया में दूतावास के माध्यम से जगदीश की मदद करके उसे सुरक्षित घर वापिस लाया जाए। जयराम ठाकुर ने भी इस विषय पर तुरंत कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *