Chief Parliamentary Secretary heard public problems in Arki: Sanjay Awasthi
मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क) संजय अवस्थी ने कहा कि स्वच्छता हम सभी का सामूहिक उत्तरदायित्व है। संजय अवस्थी आज अर्की में विभिन्न जन समस्याओं को सुलझाने के उपरान्त उपस्थित जन प्रतिनिधियों एव अन्य के साथ संवाद कर रहे थे। उन्होंने इससे पूर्व नगर पंचायत अर्की के लिए कूड़ा एकत्रीकरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
संजय अवस्थी ने कहा कि अपने आसपास के परिवेश की सफाई, स्वच्छता का महत्वपूर्ण कारक है और प्रत्येक जन को स्वच्छता मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सामुदायिक एवं व्यक्तिगत स्तर पर स्वास्थ्य के लिए स्वच्छता आवश्यक है और स्वस्थ नागरिक देश तथा प्रदेश के विकास को सही दिशा प्रदान करते हैं। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि प्रदेश सरकार यह प्रयास कर रही है कि लोगों की विभिन्न समस्याओं को उनके घर-द्वार के समीप निर्धारित समयावधि में सुलझाया जाए। इससे लोगों के समय और धन की बचत सुनिश्चित होती है।
स्वच्छता सामूहिक उत्तरदायित्व :संजय अवस्थी
प्रदेश के दूर-दराज एवं दुर्गम क्षेत्रों में भी प्रदेश सरकार लोगों के घर तक पंहुचकर उनकी कठिनाईयों और परेशानियों को दूर करने के लिए सतत् प्रयत्नशील है। उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यमन्त्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने शिमला ज़िला के दुर्गम क्षेत्र डोडरा-क्वार पंहुचकर न केवल क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुलझाया अपितु वहां रात्रि ठहराव कर स्थानीय वासियों को यह विश्वास भी दिलाया कि वर्तमान सरकार प्रदेशवासियों की बेहतरी के लिए दिन-रात कार्यरत है और पूर्ण संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय निवासियों की समस्याएं सुनीं और इनके शीघ्र निपटारे के अधिकारियों को निर्देश दिए। खण्ड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, खण्ड कांग्रेस समिति अर्की के पूर्व अध्यक्ष रमेश ठाकुर, महासचिव कमलेश शर्मा, उपाध्यक्ष मोहन सिंह ठाकुर एवं दीपलाल चौहान, कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सी.डी. बंसल, बाघल लैंड लूज़र समिति दाड़लाघाट के अध्यक्ष जगदीश ठाकुर, अर्की तहसील ट्रक ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष ऋषि देव, कांग्रेस पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. तारा चन्द नेगी, अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।
