धर्मशाला तहसील के सहायक कार्यालय कानूनगो के अपने पद से इस्तीफा देने की सूचना

धर्मशाला तहसील के सहायक कार्यालय कानूनगो के अपने पद से इस्तीफा देने की सूचना

 जिला मुख्यालय की तहसील में स्टाफ की कमी से राजस्व से संबंधित कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। अब धर्मशाला तहसील के सहायक कार्यालय कानूनगो के अपने पद से इस्तीफा देने की सूचना है। अगर उनका इस्तीफा मंजूर होता है तो राजस्व संबंधित कामकाज निपटाने में और अधिक दिक्कतें पेश आएंगी। स्टाफ कम होने के चलते राजस्व विभाग के मौजूदा कर्मचारियों पर काम बोझ भी बढ़ता जा रहा है।

जिले में पटवारियों के 23 के करीब पद खाली चल रहे हैं। इसी तरह राजस्व कानूनगो के भी करीब 44 पद खाली हैं। मौजूदा राजस्व अधिकारियों को अतिरिक्त पटवार सर्किलों में काम करना पड़ रहा है। स्टाफ की कमी के कारण बरसात में नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के अलावा भूमि की निशानदेही, इंतकाल, क्रय-विक्रय और रजिस्ट्ररी से संबंधित काम समय पर नहीं हो रहे हैं। इससे पूर्व 12 अगस्त को धर्मशाला तहसीलदार के पद पर प्रवीण कुमार के नियुक्ति आदेश हुए थे, लेकिन दो दिन सेवाएं देने के बाद सरकार ने उनका तबादला रद्द कर वापस सुजानपुर तहसील में भेज दिया।

अब शिमला के लिए ट्रांसफर हुए तहसीलदार गिरिराज वापस धर्मशाला में लौट आए हैं। जिला राजस्व अधिकारी और एसडीएम धर्मशाला का पद भी खाली चल रहा है। एसडीएम दो माह के प्रशिक्षण पर गए हुए हैं। इसके चलते आरटीओ धर्मशाला को एसडीएम और फ्लाइंग स्कवायड का अतिरिक्त कार्यभार दे रखा है। स्थानीय लोगों संदीप कुमार, रविकांत शर्मा, सुनील और नरेंद्र ने सरकार से मांग की है कि खाली पदों को जल्द भरा जाए।

उधर, नायब तहसीलदार धर्मशाला राजेश पटाकू ने माना कि सहायक कार्यालय कानूनगो ने इस्तीफा दिया है। इसमें उन्होंने उच्च शिक्षा का हवाला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *