शिमला के शोघी में पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, शव को जलाने का किया प्रयास, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

शिमला के शोघी में पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, शव को जलाने का किया प्रयास, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

In Shoghi, Shimla, the husband killed his wife and tried to burn the body, the police arrested the accused

SHIMLA: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के समीप शोघी पुलिस चौकी के अंतर्गत घनपेरी गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को घर के आंगन में दफनाने और जलाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की पहचान

मृतका की पहचान 26 वर्षीय गुलशन के रूप में हुई है। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और अधजले शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी की पहचान तोता राम के रूप में हुई है, जो पेशे से सुरक्षा गार्ड है।

घटना का खुलासा

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब स्थानीय लोगों को कुछ संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं और उन्होंने गुलशन के परिजनों को इसकी सूचना दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्होंने घर के आंगन में एक गड्ढा देखा, जिसमें गुलशन का अधजला शव पाया गया। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया

शव को जलाने के लिए पेंट और लकड़ियों का इस्तेमाल किया गया था, जिससे उसकी पहचान न हो सके। मृतका के भाई अक्षय ने पुलिस में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि गुलशन को शादी के बाद से ही दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। गुलशन की शादी तोता राम से वर्ष 2020 में हुई थी और दोनों का एक चार वर्षीय बेटा भी है।

अधजला शव बरामद

अक्षय ने बताया कि 14 मई को जब उनकी मां ने गुलशन को फोन किया, तो संपर्क नहीं हो पाया। लगातार संपर्क न हो पाने पर उन्होंने रिश्तेदारों के साथ गांव जाकर जांच की। वहां तोता राम का व्यवहार संदिग्ध पाया गया और घर के आंगन में खुदा हुआ गड्ढा देख शक और गहरा गया। इसी गड्ढे से गुलशन का अधजला शव बरामद हुआ।

आरोपी स्वयं शोघी पुलिस चौकी पहुंचा

जानकारी के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी स्वयं शोघी पुलिस चौकी पहुंचा और पत्नी के लापता होने की झूठी जानकारी दी। हालांकि, जब पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची तो सच्चाई सामने आ गई।

आगे की कार्रवाई की जाएगी

बालूगंज थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) और 238 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *