मिनी मणिमहेश के नाम से विख्यात धर्मशाला के नडडी स्थित डल झील में इस बार पवित्र स्नान 22-23 सितंबर को होगा। पंचांग के अनुसार इस बार ठंडा स्नान होगा। पूर्व के वर्षों में लीकेज की वजह से झील में पानी नहीं रुकता था, लेकिन वर्तमान में झील पानी से भरी हुई है। ऐसे में स्थानीय लोगों को इस बार स्नान ठंडा होने के बावजूद श्रद्धालुओं की पवित्र स्नान के लिए काफी संख्या में उमडऩे की उम्मीद बंधी है। डल झील स्थित दुर्वेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी सुभाष शर्मा ने बताया कि 22-23 सितंबर को डल लेक में स्नान होगा। इस बार स्नान ठंडा स्नान होगा।
पंचांग के अनुसार
पंचांग के अनुसार भाद्र के 20 प्रविष्टे के बाद आने वाला डल स्नान ठंडा स्नान कहलाता है। भाद्र के 20 प्रविष्टे से पहले आने वाला डल स्नान गर्म स्नान का महत्व देता है और इस बार भी डल स्नान 20 प्रविष्टे के बाद आ रहा है। गौरतलब है कि जो लोग जिला चंबा में मणिमहेश में स्नान के लिए नहीं जा पाते, वो श्रद्धालु धर्मशाला के नडडी स्थित डल झील में स्नान करके मणिमहेश के समान स्नान का पुण्य फल प्राप्त कर लेते हैं।
राजस्थान की मिट्टी से लीकेज की बंद
पुजारी सुभाष शर्मा ने बताया कि पूर्व के वर्षों में लीकेज की वजह से झील में पानी नहीं रुकता था, जिस पर प्रशासन की ओर से राजस्थान की ओर से लाई गई मिटटी से लीकेज को बंद किया गया है और अब झील में पानी का रिसाव रुक गया है और झील वर्तमान में हरी-भरी है। अब जो लोग यहां आ रहे हैं, उनका भी कहना है कि पहले आते थे तो झील रिसाव की वजह से खाली होती थी, लेकिन इस बार झील में काफी पानी है। पूर्व के वर्षों में बरसात के दौरान झील में पानी आता तो था, लेकिन लीकेज की वजह से ठहरता नहीं था। इस बार बरसात से पहले भी झील में काफी पानी था और बरसात में भी झील में ओवरफ्लो चल रहा है। इस बार स्नान के लिए झील में पर्याप्त पानी है।
