राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने नवगठित सरदार पटेल यूनिवर्सिटी के प्रशासकों और शिक्षकों से आहवान किया है कि वे इस यूनिवर्सिटी को देश भर में नंबर 1 यूनिवर्सिटी बनाने की दिशा में प्रयास करें। ताकि सरदार पटेल यूनिवर्सिटी दूसरों के लिए गाईड की भूमिका निभा सके। यह आहवान उन्होंने आज कुलपति के नाते पहली मर्तबा यूनिवर्सिटी का दौरा करने के दौरान अपने संबोधन में कही। उन्होंने यूनिवर्सिटी में दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और शिक्षकों के साथ संवाद भी किया। अपने संबोधन में राज्यपाल अर्लेकर ने कहा कि सरदार पटेल यूनिवर्सिटी अभी-अभी बनी है और इसमें बहुत सी चीजें ऐसी हैं, जो नए उदाहरणों के तौर पर की जा सकती हैं। बेहतरीन शिक्षा के साथ-साथ बेहतरीन व्यवस्था और समाज के प्रति अपने दायित्वों को बेहतरीन ढंग से निर्वहन करके इस दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये सब कुछ दिनों में संभव नहीं, लेकिन भविष्य में एक उदाहरण बनने के लिए आज से ही प्रयास किए जाने जरूरी हैं। इस मौके पर उन्होंने नालंदा और तक्षशिला जैसे विश्वविद्यालयों के उदाहरण भी पेश किए। राज्यपाल ने कहा कि उस दौर में विपरित परिस्थितियों के बावजूद इन विश्वविद्यालयों ने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन उदाहरण पेश किए, जिनकी मिसाल आज दिन तक दी जाती है। वहीं उन्होंने शिक्षकों के साथ संवाद भी किया और उनकी सरदार पटेल यूनिवर्सिटी को आगे ले जाने वाली सोच के बारे में जाना और अपने विचार भी सांझा किए। इस मौके पर सरदार पटेल यूनिवर्सिटी के उप कुलपति प्रो. डीडी शर्मा और प्रति कुलपति प्रो. अनुपमा सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
राज्यपाल ने कुलपति के नाते पहली बार किया सरदार पटेल यूनिवर्सिटी का दौरा
