हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई है जिससे प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। वही राज्य के कई भागों में आज भी बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला( IMD) ने राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, शिमला और सिरमौर में आज बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है।
उधर, शुक्रवार को प्रदेश भर में मौसम खराब रहा और रोहतांग दर्रा, बारालाचा के साथ सीबी रेंज की पहाड़ियों में ताज़ा बर्फबारी हुई। बीती रात भी प्रदेश की पहाड़ियों पर बर्फ के फाहे गिरे जिससे शीतलहर तेज हो गई है।
चोटियों पर ताजा बर्फबारी के बाद तापमान में पहले के मुकाबले भारी गिरावट आई है। उधर सुंदरनगर, भुंतर, कुकुमसेरी और समदो का न्यूनतम तापमान माइनस में रिकॉर्ड किया गया है। प्रदेश के सभी क्षेत्रों का अधिकतम तापमान भी इन दिनों 23 डिग्री सेल्सियस से कम चला हुआ है।
