जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में सेना व आतंकियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आ रही है। अनंतनाग के अहलान गगरमंडू इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। मुठभेड़ तब शुरू हुई जब आतंकवादियों की ओर से खोजी टीम पर फायरिंग की गई। इसके जवाब में जवानों ने भी फायरिंग की।
पुलिस अधिकारियों को आतंकवादियों के छिपे होने का इनपुट मिला था। इसके बाद पुलिस और सिक्योरिटी फोर्सेज की ज्वाइंट टीम सर्च ऑपरेशन में लग गई। इसी दौरान आतंकियों ने हमला कर दिया, जिसमें दो जवान घायल हो गए। इलाके में दो से तीन आतंकी के छिपे होने की आशंका है। अभी मुठभेड़ जारी है।
बता दें कि इससे पहले बीती छह अगस्त को बसंतगढ़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच शाम चार बजे के करीब मुठभेड़ शुरू हुई थी। दोनों ओर से दो घंटे तक गोलीबारी हुई। मौसम खराब होने और धुंध के बीच सुरक्षाबलों ने देर शाम तक तलाशी अभियान चलाया। सेना ने जंगल में छिपे आतंकियों की घेराबंदी बढ़ा दी। अभी किसी भी आतंकी के मारे जाने की सूचना नहीं है।
