हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के खाब में बादल फटने की खबर है । बादल फटने से भारी तबाही मची है। नदी का पानी सड़क पर आ गया है और यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। इसके साथ ही भारी बारिश के कारण मंडी-कुल्लू हाईवे 9 मील के पास पंडोह के पास बंद हो गया है।
शनिवार आधी रात करीब 11:30 बजे से इस हाईवे के दोनों तरफ यातायात बंद कर दिया गया है। वाहन 9 मील के पास चेल-चोक से होते हुए सुंदर नगर जा सकते हैं। पुलिस ने लोगों से रात में यात्रा करने से बचने की अपील की है। पहाड़ी से लगातार लैंडस्लाइड हो रहा है।
हिमाचल प्रदेश में धीरे-धीरे शुरू हुआ मानसून अब ऐसी रफ्तार पकड़ चुका है कि थमने का नाम नहीं ले रहा है। पूरे प्रदेश में बारिश कहर बरपा रही है। हिमाचल प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से अगले 6 दिनों के लिए जारी किए गए येलो अलर्ट के बीच बादल जमकर बरस रहे हैं।
पूरे प्रदेश में नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगहों पर सड़कें और बस स्टैंड पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश के कई जिलों शिमला, सोलन, कांगड़ा, सिरमौर, मंडी आदि में पिछले कई घंटों से भारी बारिश जारी है।
