सैमसंग में कर्मचारियों ने शुरू की हड़ताल, जानिए क्या है मामला
सैमसंग: विश्वभर में स्मार्टफोन और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस निर्माता कंपनी सैमसंग में बड़ी हड़ताल शुरू हुई है। दक्षिण कोरिया में लगभग 31000 कर्मचारी एक साथ बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। कंपनी की सबसे बड़ी यूनियन ने इस हड़ताल का आह्वान किया है। इससे पहले कर्मचारियों ने तीन दिन की आंशिक हड़ताल का आह्वान किया था। मांगे पूरी न होने से उन्होंने लंबी स्ट्राइक पर जाने का फैसला लिया है। कंपनी में इस हड़ताल से पूरी दुनिया में बुरा असर पड़ सकता है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, द नेशनल सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स यूनियन ने बताया कि इस हफ्ते की शुरुआत में सेमीकंडक्टर डिवीजन में काम करने वाले लगभग 6000 कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू की थी। अब इसमें लगभग 31 हजार लोग शामिल हो चुके हैं। सैमसंग के कुल कर्मचारियों का एक चौथाई हिस्सा एनएसईयू के सदस्य हैं। इन सभी ने बेहतर सैलरी और काम की परिस्थितियां ठीक करने की मांग की है। यूनियन ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सैमसंग ने जल्द वार्ता शुरू नहीं की तो उन्हें बहुत पछताना पड़ेगा।
यूनियन के नेताओं ने कहा कि कंपनी अपने कर्मचारियों के साथ अच्छा व्यवहार नहीं कर रही है। पिछले 10 साल से वह हमें एक ही कहानी सुना रहे हैं कि फिलहाल संकट की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा कंपनी ने बड़े पैमाने पर परफॉरमेंस बोनस में भी कटौती की है। उधर, सैमसंग ने कहा कि वह कर्मचारियों से वार्ता करने को राजी है। हम सुनिश्चित करेंगे कि इस हड़ताल का हमारे प्रोडक्शन पर कोई असर न पड़े।
