हिमाचल के दो नेताओं के घर पर ईडी ने छापेमारी की है। मिली जानकारी के अनुसार ईडी दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब सहित हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, ऊना, शिमला, मंडी, कुल्लू में 19 स्थानों पर छापामारी कर रही है। एएनआई के अनुसार यह छापामारी फर्जी आयुष्मान भारत आईडी कार्ड बनाने और बांके बिहारी अस्पताल, फोर्टिस अस्पताल समेत कई निजी अस्पतालों के खिलाफ योजना के उल्लंघन से संबंधित मामले में की गई है।
हिमाचल प्रदेश के नगरोटा से कांग्रेस विधायक एवं पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली और पूर्व में देहरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे व कांगड़ा स्थित श्री बालाजी अस्पताल के डॉक्टर राजेश शर्मा का भी नाम फर्जीवाड़े में आया है और उनके परिसरों की भी तलाशी ली जा रही है। कांगड़ा जिले में कांग्रेस के दो नेताओं के ठिकानों पर ईडी ने दबिश से हड़कंप मच गया।
