मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क) संजय अवस्थी ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में गांव-गांव तक बेहतर सड़कें, सिंचाई एवं पेयजल योजनाएं तथा स्वास्थ्य सुविधाएं और बेहतर शिक्षा संस्थान स्थापित किए जाएंगे ताकि अर्की विधानसभा क्षेत्र प्रदेश का सबसे विकसित एवं आदर्श विधानसभा क्षेत्र बने। संजय अवस्थी गत सांय सोलन के अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत संघोई में लखदाता पीर दंगल एवं मेला को बतौर मुख्यातिथि सम्बोधित कर रहे थे।
संजय अवस्थी ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र की दूर-दराज ग्राम पंचायत मांगू और संघोई में पेयजल योजना के लिए 4.65 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सेवरा चण्डी, संघोई और साथ लगते क्षेत्रों में बेहतर पेयजल योजना प्रबंधन के लिए 3.60 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के समस्त ग्रामवासियों को बेहतर पेयजल सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने स्थानीय ग्राम पंचायत में राजीव गांधी सेवा केन्द्र के आरम्भिक निर्माण कार्य के लिए 03 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने ग्राम पंचायत संघोई में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खोलने का मामला उच्च स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने मेला आयोजन समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की।
संजय अवस्थी ने ग्रामीणों को मेले की बधाई देते हुए कहा कि मेले हमारी धरोहर है और इनका संरक्षण हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि गत 26 वर्षों से इस मेले का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेले से जहां लोगों के मध्य आपसी सद्भावना और भाईचारा बढ़ता है वहीं युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध संस्कृति से रू-ब-रू होने का अवसर भी मिलता है।
