हिमाचल में आज से डॉक्टरों की पेन डाउन स्ट्राइक

Doctors pen down strike in Himachal from today

हिमाचल प्रदेश में आज से आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है | दरअसल आज से डॉक्टर पेन डाउन स्ट्राइक पर रहेंगे। सुबह 9.30 से 11 बजे तक कोई भी डॉक्टर OPD में ड्यूटी नहीं देंगे। गौरतलब है कि आर्थिक संकट से जूझ रही सुक्खू सरकार ने स्वास्थ्य मेडिकल एजुकेशन, डेंटल और पशुपालन विभाग में भविष्य में तैनात होने वाले डॉक्टरों का NPA बंद करने का निर्णय लिया है। सरकार के इस निर्णय पर डॉक्टर भड़क गए हैं। इसे लेकर स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल भी डॉक्टरों के साथ मीटिंग कर चुके हैं, लेकिन बैठक बेनतीजा रही। इसमें कोई समाधान नहीं निकाला जा सका। जाहिर है कि आगामी दिनों में डॉक्टर और सरकार के बीच टकराव बढ़ने वाला है।
हिमाचल प्रदेश मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन ने नॉन प्रैक्टिस अलाउंस (NPA) बहाल नहीं होने तक स्ट्राइक जारी रखने का निर्णय लिया है। 11 बजे के बाद सभी डॉक्टर काले बिल्ले लगाकर NPA बंद करने का विरोध जताएंगे।
सुबह डेढ़ घंटे तक डॉक्टरों के OPD में नहीं बैठने से अस्पतालों मरीजों को परेशानियों से जूझना पड़ेगा। हालांकि डॉक्टर एसोसिएशन ने ऐलान किया है कि इमरजेंसी सेवाओं को बाधित नहीं होने दिया जाएगा और न ही ऑपरेशन थिएटर की सेवाएं बाधित होगी। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि NPA को जल्द बहाल नहीं किया जाता तो आगामी दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *