केरल के वायनाड में आई प्राकृतिक आपदा ने सबको झझकोर कर रख दिया है। सोमवार रात हुए भूस्खलन में अब तक 84 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 116 घायल हुए हैं। वहीं सैकड़ों लोगों के फंसे होने की आशंका है। स्थानीय आपदा मोचन बल के जवान राहत और बचाव कार्य चला रहे हैं। बारिश के कारण कठिन चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
केरल में आधिकारिक शोक की घोषणा की गई है. आज और कल शोक रहेगा. राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा. राज्य सरकार के आधिकारिक कार्यक्रम और समारोह आज और कल स्थगित कर दिए गए हैं. वहीं केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सचिव शेखर कुरियाकोस ने कहा, बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है और हमारे पास पर्याप्त बल हैं। एनडीआरएफ को पहले से ही तैनात कर दिया गया है… अग्निशमन और बचाव की 10 टीमें, 200 नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक, एनडीआरएफ की 3 टीमें काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि हमने NDRF की चौथी टीम, रक्षा सुरक्षा पुलिस की दो टीमें और नौसेना की एक नदी पार करने वाली टीम को यहां भेजने का अनुरोध किया है। हमने सेना से इंजीनियरिंग टास्क फोर्स के लिए भी अनुरोध किया है। हमारे पास इन सैनिकों को ले जाने के लिए विमान तैयार हैं।
