CM Sukhu gave big relief to employees and contractors before Diwali.
शिमला — हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य के सभी आउटसोर्स कर्मचारियों और विभिन्न परियोजनाओं में कार्यरत कर्मियों को दिवाली से पहले मानदेय भुगतान करने के निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में वित्त सचिव को आदेश दे दिए हैं, जिससे कर्मचारियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सके।
ठेकेदारों को भी राहत — 10 लाख रुपये तक होगी पेमेंट
प्रदेश में लंबे समय से ठेकेदारों के बिल अटके हुए थे। मुख्यमंत्री ने दिवाली से पहले ठेकेदारों को भी राहत देने का फैसला लिया है। सुक्खू ने वित्त सचिव को निर्देश दिए हैं कि 10 लाख रुपये तक की बकाया राशि का भुगतान त्यौहार से पहले किया जाए।
800 करोड़ रुपये की पेमेंट पेंडिंग
राज्य के लोक निर्माण विभाग (PWD), जल शक्ति विभाग और बिजली बोर्ड के ठेकेदारों की लगभग 800 करोड़ रुपये की पेमेंट लंबे समय से पेंडिंग चल रही है। आर्थिक संकट के कारण सरकार समय पर भुगतान नहीं कर पा रही थी, जिससे ठेकेदारों को अपने मजदूरों और कर्मचारियों को वेतन देने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था।
कई दिनों से कर रहे थे ठेकेदार अपील
भुगतान में हो रही देरी को देखते हुए ठेकेदार लगातार मुख्यमंत्री सुक्खू और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से भुगतान की मांग कर रहे थे। दिवाली को देखते हुए सीएम सुक्खू ने अब ठेकेदारों को आंशिक राहत देने का निर्णय लिया है, जिससे त्यौहार से पहले आर्थिक सुगमता मिल सके।
35 हजार आउटसोर्स कर्मियों को खुशखबरी
प्रदेश में करीब 35 हजार आउटसोर्स कर्मचारी विभिन्न विभागों में सेवाएँ दे रहे हैं। इन्हें अक्सर मानदेय में देरी और कम भुगतान जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। दिवाली से पहले मानदेय जारी करने का फैसला इन कर्मचारियों के लिए त्यौहार से पहले बड़ी राहत लेकर आया है।
दिवाली पर मिलेगी आर्थिक राहत
गौरतलब है कि दिवाली इस वर्ष 20 अक्टूबर को मनाई जाएगी। सामान्यतः आउटसोर्स कर्मचारियों को उनका मानदेय महीने की 1 से 10 तारीख के बीच मिलता है। इस बार समय से पहले भुगतान मिलने से उनके घरों में त्यौहार की खुशियाँ पहले ही दस्तक दे देंगी।
