उन्नत भारत अभियान के तहत आरोग्य भारती हिमाचल प्रदेश ने एनआईटी हमीरपुर के सभागार में उत्तर क्षेत्रीय पर्यावरण कार्यशाला का आयोजन किया । कार्यशाला का शुभारम्भ मुख्यतिथि राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने दीप प्रजवलित और भगवान धन्वंतरि के चित्र को पुष्पांजलि कर किया । इस मौके पर आरोग्य भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश पंडित ने मुख्यतिथि को शाल,टोपी व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया । कार्यशाला स्थल पर पहुंचने पर राज्यपाल ने पौधरोपण भी किया | कार्यशाला के दौरान पर्यावरण के संरक्षण, प्लास्टिक उपयोग के दुष्प्रभाव, पानी के सही इस्तेमाल, वनों के संरक्षण, आर्गेनिक खेती पर बल देने पर किये जा रहे कार्यो पर चर्चा की गई और पर्यावरण को बचाने के लिए कार्य करने का संकल्प लिया गया । इस दौरान राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने लोगो से विकास के लिए उठाए जा रहे कदमों के साथ पर्यावरण को बचाने के उपाय पर बल देने का आह्वान किया ।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि आज पर्यावरण ना केवल भारत बल्कि पूरे विश्व के लिए चिंता का विषय है उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व पटल पर कहा है कि भारत पर्यावरण को बचाने के लिए प्रतिबद्ध है उसकी मजबूरी नहीं है । उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व में सबसे कम कार्बन के उत्सर्जन करने वाले देशों में गिना जाता है ।
उन्होने प्रदेश में बढ़ते नशे पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश देव भूमि है और देव संस्कृति होने के बावजूद आज युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक हिमाचल वासी का कर्तव्य है कि वह अपने घरों में युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक करें ताकि इस कुरीति को जड़ से मिटाया जा सके ।
