हिमाचल प्रदेश में मॉनसून चार दिन की राहत के बाद एक बार फिर उग्र रूप ले सकता है। मौसम विभाग की माने तो आगामी 13 अगस्त तक प्रदेश में हल्की और मध्यम स्तर की बारिश रहने की संभावना है। वहीं 13 अगस्त के बाद एक बार फिर प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से प्रदेश में अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने के साथ ही लोगों को बारिश से कुछ राहत मिली है।
शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में अभी मानसून की रफ्तार धीमी हुई है जिसके चलते प्रदेश में कम वर्षा होने की संभावना है। 13 अगस्त के बाद एक बार फिर प्रदेश में मौसम के कड़े तेवर देखने को मिल सकते हैं। 13 व 14 अगस्त को प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश होने की सम्भावना है।
सुरेंद्र पॉल ने बताया कि इसको लेकर प्रदेश में अलर्ट भी जारी किया गया है। राज्य में भूस्खलन को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है जबकि आगामी कुछ दिनों में बारिश कम देखने को मिलेगी। ऐसे में फ्लैशफ्लड और बादल फटने की घटनाओं से भी प्रदेश को राहत मिल सकती है। इसके अलावा सुरेंद्र पॉल ने बताया कि मॉनसून का यह दौर अगस्त माह में इसी तरह जारी रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अगस्त माह में कम बारिश दर्ज की गई है। बावजूद इसके पूरे मॉनसून में 50%अधिक वर्षा हुई है।
