AAP सांसद संजय सिंह बचे हुए मानसून सत्र से सस्पेंड, जानें वजह

संसद में मानसून सत्र चल रहा है। आज संसद में सत्र का तीसरा दिन था। आज तीसरे दिन मणिपुर मुद्दे को लेकर जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान लोकसभा और राज्यसभा में विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी की। दोपहर 2 बजे एक-एक मिनट की कार्यवाही के बाद लोकसभा 2.30 बजे और राज्यसभा 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा में कार्यवाही शुरू हुई और हंगामे के चलते 25 जुलाई सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई। इससे पहले दोनों सदनों को 12 और 1 बजे तक के लिए स्थगित किया गया था।

राज्यसभा में मणिपुर मुद्दे पर सभापति जगदीप धनखड़ से बहस कर रहे AAP सांसद संजय सिंह को बाकी मानसून सत्र से सस्पेंड कर दिया गया। संजय सिंह सभापति के आसन के पास जाकर बहस कर रहे थे। धनखड़ ने उन्हें वापस अपनी सीट पर जाने के लिए कहा लेकिन संजय नहीं गए। संजय सिंह को सस्पेंड करने के बाद सभापति धनखड़ ने उनसे कहा कि आप सदन से बाहर चले जाइए, ताकि सदन की कार्यवाही जारी रखी जा सके।

धनखड़ ने सरकार से संजय सिंह को सस्पेंड करने का प्रस्ताव लाने को कहा। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल यह प्रस्ताव लेकर आए, जो ध्वनि मत से पास हो गया। इसके बाद जगदीप धनखड़ ने संजय सिंह के खिलाफ कार्रवाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *