हिमाचल प्रदेश भारी बारिश ने अपना कहर मचाया हुआ है। प्रदेश में जगह-जगह भूस्खलन से सोमवार सुबह 10:00 बजे तक चार नेशनल हाईवे व 338 सड़कें यातायात के लिए बंद थीं। सबसे ज्यादा सड़के शिमला, मंडी, कुल्लू व चंबा जिले में बाधित हैं। इसके अतिरिक्त राज्य में 488 बिजली ट्रांसफार्मर व 116 जल आपूति योजनाएं प्रभावित हैं। इससे कई इलाकों में बिजली व पानी का संकट पैदा हो गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से राज्य के कई भागों में आज से 18 अगस्त तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। शिमला में भी मौसम खराब बना हुआ है। बरसात को देखते हुए स्थानीय लोगों व पर्यटकों को नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है। लोगों को अपनी यात्रा मौसम की स्थिति को देखते हुए तय करने को कहा गया है। सिरमौर, सोलन, शिमला व कांगड़ा में आगामी दो दिनों के दौरान भारी बारिश हो सकती है।
बरसात के कहर से एक बार फिर चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग को भारी क्षति पहुंच रही है। पंडोह डैम के कैंची मोड़ से कुल्लू के दयोड में 500 मीटर की दूरी पर एक तरफ सड़क लगभग 4 फुट नीचे ब्यास की ओर धंस गई। करीब 100 मीटर यह सड़क पूरी तरह से धंस जाने से एक लेन सड़क बंद हो गई। बारिश के चलते यहां पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
