25 दिसंबर को शिमला लौटेंगे सीएम सुक्खू, 28 को एनपीएस संघ के साथ करेंगे बैठक

 शिमला / नीरज डोगरा 

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 25 दिसंबर को शिमला लौटेंगे। राजधानी शिमला लौटने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी एसोसिएशन के साथ 28 दिसंबर को एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।  इस बैठक में कर्मचारियों के साथ ओल्ड पेंशन स्कीम की बहाली को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होगी।  

 
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा है कि सरकार ओल्ड पेंशन स्कीम की बहाली को लेकर प्रतिबद्ध है।  मुख्यमंत्री शिमला लौटते ही कर्मचारी संघ के साथ बैठक करेंगे।

 

मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बने प्रदेश में अभी कुछ ही दिन हुए हैं, ऐसे में जनता को उन्हें वादे पूरे करने के लिए कुछ दिन देने चाहिए।  उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले जो गारंटी दी है,उन्हें हर हाल में पूरा किया जाएगा। जनता को किसी तरह की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।  

 
नरेश चौहान ने सरकार की ओर से डिनोटिफाई किए जा रहे कार्यालयों को लेकर कहा कि पूर्व सरकार ने बिना बजट के चुनावी फायदा लेने के लिए कई घोषणाएं की थी। अब सरकार ऐसे कार्यालय को ही बंद कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विपक्ष में रहते हुए भी तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को चेताया था लेकिन उन्होंने चुनावी फायदा लेने के लिए इस तरह की घोषणाएं की। प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने बीजेपी के बदले की भावना से की जा रही कार्रवाई के आरोपों को भी खारिज किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *