हमीरपुर
भारतीय जनता पार्टी के द्वारा प्रदेश सरकार के संस्थाओं को डिनोटिफाई करने के मुद्दे पर की जा रही बयानबाजी का कांग्रेस पार्टी प्रदेश सोशल मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन शगुन दत्त शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा की पूर्व जयराम सरकार को अपने समय को भी याद कर लेना चाहिए । पत्रकारों से बातचीत करते हुए शर्मा ने कहा कि चुनावों को नजदीक आते देख भाजपा सरकार ने लोक लुभावने वादे करने के अलावा बिना बजट के ही संस्थानों को खोलने की घोषणा कर दी थी जिसको वर्तमान कांग्रेस सरकार ने डिनोटिफाइड किया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस पर रिव्यू करने के बाद जहां जरूरत और जनहित का फायदा होगा वहां पर इसे पूरा किया जाएगा।
कांग्रेस प्रदेश सोशल मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन शगुन दत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा को कांग्रेस के चुनावी घोषणाओं को किस तरह पूरा करना है इसकी चिंता नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू घोषणाओं को पूरा करने के लिए संजीदा है और वर्तमान में अस्वस्थ चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही मुख्यमंत्री प्रदेश पहुंचेंगे वैसे ही कैबिनेट का गठन कर सभी घोषणाओं को पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में विभिन्न कमेटियों में विधायकों को शामिल किया है ताकि प्रदेश में विकास कार्यों को सुचारू रूप से चलाया जा सके।
