हिमाचल में मौसम फिर लेगा करवट

हिमाचल में आज अच्छी धूप खिली है | प्रदेश में बीते 2 दिन हुई भारी बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के बाद मौसम विभाग ने कल से फिर बारिश व ओलावृष्टि होने का येलो अलर्ट जारी कर दिया है। आज भी मैदानी इलाकों को छोड़कर प्रदेश के मध्यम व अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की मानें तो कल और परसों 2 दिन कई क्षेत्रों में बारिश और कुछ एक स्थानों पर ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है | वहीं  प्रदेश में 6 अप्रैल तक मौसम खराब बना रहेगा।

वहीं प्रदेश में बेमौसम हो रही बारिश-बर्फबारी के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश के सभी शहरों का तापमान नॉर्मल से 5 से 12 डिग्री तक नीचे गिर गया है। चंबा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा 11.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। यहां का अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री तक लुढ़क गया है। वहीं धर्मशाला का तापमान नॉर्मल से 9.2 डिग्री की कमी के साथ 14 डिग्री, शिमला का टेम्परेचर नॉर्मल से 5.7 डिग्री की कमी के साथ 12 डिग्री, ऊना का 7.4 डिग्री की कमी के साथ 22.6 डिग्री, मनाली का 8.2 डिग्री की कमी के साथ 11 डिग्री, सोलन का तापमान नॉर्मल से 6.5 डिग्री की कमी के साथ 19 डिग्री और कांगड़ा का अधिकतम तापमान नॉर्मल से 9.6 डिग्री की गिरावट के बाद 17.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। जिससे प्रदेश में खासकर ऊंचे पहाड़ों पर ठंड फिर से लौट आई है।

वहीं अगर फसलों की बात करे तो ये बेमौसम बारिश फसलों के लिए बिलकुल अच्छी नहीं मानी जा रही है | खासकर सेब बागवानों के लिए इस समय बारिश होना काफी नुकसानदायक साबित हो सकता है | वहीं इस बारिश से गेहूं की फसल को भी नुकसान होने लगा है। जिन किसानों की गेहूं की फसल पककर तैयार हैं, उन्हें खराब मौसम के कारण ज्यादा डर सता रहा है, क्योंकि ज्यादा बारिश और तूफान के कारण कई क्षेत्रों में गेहूं की फसल खेतों में चादर की तरह बिछनी शुरू हो गई है। खेतों में जल भराव की वजह से गेहूं पर पीले रतुआ रोग का भी खतरा मंडराने लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *