अगर आप भी पैकेट में बंद सामन का उपयोग करते है तो सतर्क हो जाइए। चंडीगढ़ से एक मामला सामने आया है जिसमे 21 वर्षीय युवक और उसकी बुआ वेरका ब्रांड की दही खाने से हॉस्पिटल में एडमिट होना पड़ा। बताया जा रहा है कि वेरका ब्रांड के दही के पैकेट में मरा हुआ चूहा था। पैकेट को ऊपर से काट कर पहले शाम को थोड़ा दही खाया। फिर फ्रिज में रख दिया। सुबह दही खाने के दौरान जब पैकेट की छेद से दही नहीं निकला तो पैकेट काटने पर उसमें से मरा हुआ चूहा निकला। परिवार के मुखिया संतोष कुमार ने बताया कि मेरा बेटा और बहन चंडीगढ़ के बलटाना में रहते हैं। बहन लेडीज कपड़ों की दुकान चलाती है और बेटा उसके साथ बैठता है। वह खुद विकास नगर, मौलीजागरां में रहते हैं। आज सुबह उन्हें दही में चूहा मिलने की जानकारी मिली। इस दही के सेवन से बेटे को बुखार चढ़ गया और उसके गले में भी खराश है।
पैकेट पर दिए नंबर पर संपर्क करने के बाद भी जवाब नहीं मिला
संतोष के मुताबिक,उन्होंने दही के पैकेट पर दिए नंबर पर कई कॉल किए लेकिन कुछ भी जवाब नहीं आया। अपने आप में यह अनोखी घटना है। संतोष ने बताया कि वह चाहते हैं कि इस बैच का दही आगे न जाए और इसकी सप्लाई रुक जाए, ताकि कोई और बीमार न हो।
संतोष ने बताया कि उनके बेटे ने बलटाना से ही दही का पैकेट खरीदा था। शाम को पैकेट थोड़ा काटकर बेटे और बहन आरती ने दही का सेवन किया। इसके बाद फ्रिज में रखे पैकेट से सुबह दही निकाली ताे पैकेट से दही नहीं निकली। उन्हें लगा दही जम गया होगा, लेकिन जब कुछ अजीब-सी चीज अंदर महसूस हुई तो पैकेट काटने के बाद उसमें से मरा चूहा निकला। उसे देखकर वह घबरा गए, क्योंकि इसी संक्रमित दही का वह सेवन कर चुके थे।
कंपनी के जीएम ने कहा-पैकेट में चूहा हो ही नहीं सकता
वेरका के जीएम राज कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके मार्किटिंग और प्रोडक्शन ब्रांच के अफसर मौके पर जाकर मामले को देख रहे हैं। जीएम ने कहा कि कंपनी स्वच्छता की पूरा ध्यान रखती है ऐसे में दही के पाउच में चूहे का होना असंभव है हो सकता है परिवार दही के पैकेट खोल कर कहीं रख दिया हो और चूहा उसमें घुस गया होगा।
