पाकिस्तान ने एशिया कप के सुपर-4 मुकाबले में बेहद रोमांचक संघर्ष के बाद टीम इंडिया को 5 विकेट से हरा दिया। भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 181 रन बनाए। विराट कोहली ने 60 रन की पारी खेली। जवाब में पाकिस्तान ने 19.5 ओवर में 5 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। मोहम्मद रिजवान ने 71 रनों की बेहतरीन पारी खेली। वहीं, मोहम्मद नवाज ने 20 गेंद पर 42 रन बना दिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
अर्शदीप सिंह ने मैच में रवि बिश्नोई की गेंद पर 17.3 ओवर में आसिफ अली का आसान कैच छोड़ दिया। उस समय आसिफ खाता भी नहीं खोल पाए थे। बस यहीं से मैच बदल गया। उन्होंने इसके बाद 8 गेंद में 16 रन बना दिए। एशिया कप में भारत 8 साल के बाद पाकिस्तान के खिलाफ कोई मुकाबला हारा है। इससे पहले 2014 के एशिया कप में पाकिस्तान ने भारत को 1 विकेट से हराया था।
टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और केएल राहुल ने भारत को जोरदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने सिर्फ 16 गेंद में 28 रन बना दिए। इस दौरान उनके बल्ले से 3 चौका और 2 छक्का निकला। रोहित का स्ट्राइक रेट 175 का रहा। हालांकि, वो बड़ी पारी खेलने में नाकाम हुए।
वहीं, खराब फॉर्म में चल रहे केएल राहुल ने भी मैच में 28 रन बनाए। उनके बल्ले से 2 छक्का और 1 चौका निकला। हार्दिक पंड्या और ऋषभ पंत का बल्ला खामोश रहा। दिनेश कार्तिक की जगह मैच में खेल रहे ऋषभ के बल्ले से सिर्फ 14 रन बने। वहीं, पाकिस्तान के खिलाफ लीग मुकाबले के हीरो रहे हार्दिक पंड्या अपना खाता भी नहीं खोल पाए
ये थी भारत पाक की टीम
भारत- रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, दीपक हुड्डा, हार्दिक पंड्या, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह।
पाकिस्तान- बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान, फखर जमान, इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह, शादाब खान, आसिफ अली, मोहम्मद नवाज, हारिस रउफ, मोहम्मद हसनैन और नसीम शाह।
