मुख्यमंत्री ने हिम डाटा पोर्टल का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जुलाई 2023 से हिमाचल प्रदेश सरकार हिम परिवार परियोजना आरंभ करेगी। इस परियोजना के तहत प्रदेश के परिवारों को एक विशिष्ट पहचान प्रदान की जायेगी। मुख्यमंत्री आज पंजाब के मोहाली स्थित इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस में गवर्नेंस एण्ड टेक्नोलॉजी विषय पर इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस के भारती इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक पॉलिसी द्वारा आयोजित एक दिवसीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हिम डाटा पोर्टल का शुभारंभ भी किया।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिम परिवार परियोजना के माध्यम से विशिष्ट पहचान वाले परिवार के राशन कार्ड, परिवार रजिस्टर, विद्युत, पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाओं की जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि हिम परियोजनाओं से जुड़े लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सुगमता से मिलेगी और इस तरह लक्षित वर्गों तक योजनाओं के लाभ शीघ्र पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए दिशा निर्धारण सबसे महत्वपूर्ण कारक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बेहतर शासन के लिए बेहतर प्रशासन के लक्ष्य के साथ विकास की दिशा निर्धारित करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जन-जन को सुखी और समृद्ध बनाना राज्य सरकार का लक्ष्य है और इसके लिए उचित स्तर पर सही डाटा होना आवश्यक है। सरकार ने अपने पहले ही बजट में अत्याधुनिक डाटा संकलन एवं अनुसंधान तकनीक अपनाने पर बल दिया ताकि संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि आगामी 10 वर्षों में हिमाचल को देश का समृद्ध राज्य बनाया जायेगा। इस दिशा में देश के प्रतिष्ठित संस्थानों का सहयोग हिमाचल प्रदेश के नीति निर्धारण में सहायक रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयास शीघ्र ही सकारात्मक परिवर्तन के रूप में सामने आयेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *