मुख्यमंत्री की हरियाणा के मुख्यमंत्री के साथ द्विपक्षीय मामलों पर चर्चा

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज चण्डीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट की और उनके साथ विभिन्न द्विपक्षीय मामलों पर सारगर्भित चर्चा की। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को अवगत करवाया कि हिमाचल सरकार की ओर से हिमाचल में स्थापित जल विद्युत परियोजनाओं पर लगाए जाने वाले उपकर से हरियाणा को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश द्वारा लगाया जाने वाला जल उपकर, जल पर नहीं अपितु प्रदेश में कार्यरत लगभग 172 जल विद्युत परियोजनाओं पर विद्युत उत्पादन पर लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल उपकर के विषय में भ्रांतियों का निवारण ही आज की बैठक का उद्देश्य है।
जल उपकर के विषय में बैठक में सार्थक चर्चा की गई। बैठक में रेणुका बांध परियोजना तथा हिमाचल, हरियाणा और उत्तराखंड की संयुक्त किशाऊ जल विद्युत परियोजना पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सरस्वती नदी के उद्गम स्थल आदिबद्री परियोजना के कार्यान्वयन के संबंध में भी चर्चा की गई। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि विभिन्न संयुक्त परियोजनाओ के कार्यान्वयन में अनावश्यक देरी जहां एक ओर परियोजना की लागत को बढ़ाती है वहीं परियोजना के लाभ देरी से मिलने से योजना का उद्देश्य पूर्ण नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि विभिन्न परियोजनाओं के विषय में दोनो राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी बैठक कर भावी नीति निर्धारित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *