ऊना जिला मुख्यालय के समीपवर्ती गांव कुठार कलां के करीब एक दर्दनाक हादसे में 5 युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान राजन जसवाल और अमन जसवाल दोनो निवासी सलोह, विशाल चौधरी निवासी मजारा, सिमरन जीत सिंह निवासी हाजीपुर तहसील नंगल जिला रुपनगर पंजाब व अनूप सिंह पुत्र जनक राज निवासी झलेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी शवो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया है जबकि मृतकों के पोस्टमार्टम करवाने के लिए प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। हादसा इतना भयावह था कि क्षतिग्रस्त हुई कार को काटकर मृतकों और घायलों को बाहर निकालना पड़ा। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार सड़क के किनारे खंभे से जा टकराई। जिसके बाद वह सड़क के किनारे खेतों में जाकर पलट गई।
बीते रात की मध्यरात्रि को संतोषगढ़ से ऊना जा रही पंजाब नम्बर की कार कुठार कलां के पास पहुँचने पर सड़क किनारे लगे खम्बे से टकराने के बाद खेतों में पलट गई। कार की खंबे से टकराने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की तरफ भागे। लोगों ने कड़ी मशक्कत से कार को सीधा किया, वही बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी कार में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास शुरू किया गया। घटना के वक्त कार में 5 लोग सवार थे जिनमें से दो ने मौके पर दम तोड़ दिया। जबकि तीन लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए क्षतिग्रस्त कार को काटना पड़ा। हादसे में सलोह निवासी राजन जसवाल व अमन जसवाल की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि हादसे में घायल कार चालक विशाल चौधरी निवासी मजारा, सिमरन जीत सिंह निवासी हाजीपुर तहसील नंगल व अनूप सिंह निवासी झलेड़ा को ऊना अस्पताल लाया गया, जहाँ उपचार के दौरान तीनो की मौत हो गई। एसपी ऊना अर्जित सेन ने बताया कि पुलिस में सभी शव कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित कर दिया है, आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
