कांग्रेस की एक ओर गारंटी पर काम होना शुरू हो गया है | यहाँ बात हिमाचल के लोगों को रोजगार देने की हो रही है | प्रदेश में एक लाख रोजगार देने को लेकर सोमवार यानि कल राज्य सचिवालय में कैबिनेट सब कमेटी की बैठक होगी। इसमें नए रोजगार को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। आपको बता दे कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने पहली ही कैबिनेट बैठक में रोजगार की संभावनाएं तलाशने के लिए कैबिनेट सब कमेटी का गठन किया था। अब मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान की अध्यक्षता में मंत्री जगत सिंह नेगी और रोहित ठाकुर रोजगार के अवसर तैयार करने के लिए कल मंथन करेंगे।
इससे पहले कैबिनेट सब कमेटी ने सभी विभागों से स्वीकृत पदों, रिक्त पदों और नए भरे जाने वाले पदों की जानकारी एकत्र करने को कहा था। संभावित है कि कल बैठक में कार्मिक विभाग की ओर से सभी विभागों के संबंध में जानकारी से कैबिनेट सब कमेटी को अवगत कराया जाएगा।
कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश में पांच लाख रोजगार देने की गारंटी दी है। यह रोजगार सरकारी और निजी क्षेत्र में देने की बात कही गई है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपने पहले बजट में 25,000 सरकारी पदों को भरने का एलान किया है। इन पदों को भरने की तैयारियों को लेकर भी बैठक में मंथन होगा।
