स्क्रीनिंग कमेटी सदस्य उमंग सिंघर करेंगे दावेदारों से बैठक; ठियोग, चौपाल और शिमला सीट पर फंस सकता है पेंच

कांग्रेस पार्टी द्वारा गठित स्क्रीनिंग कमेटी हिमाचल प्रदेश के दौरे पर है। स्क्रीनिंग कमेटी सदस्य उमंग सिंघर आज शिमला में टिकट दावेदारों से वन टू वन बैठकें करेंगे। राजीव भवन शिमला में यह बैठकें रोहड़ू, चौपाल, रामपुर, ठियोग, जुब्बल कोटखाई, शिमला, शिमला ग्रामीण, कसुम्प्टी और किन्नौर के टिकट दावेदारों से रखी गई है। दरअसल, स्क्रीनिंग कमेटी टिकट आवंटन से विवाद की संभावनाओं को कम करना चाह रही है। इसी मकसद से स्क्रीनिंग कमेटी के उमंग सिंघर शिमला व मंडी ससंदीय क्षेत्र और धीरज गुर्जर कांगड़ा व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों के टिकट दावेदारों से बातचीत कर रहे हैं।

कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में जमीनी स्तर का नेता उतारना चाहता है जिसे जनता खुद कहे कि यह चुनाव लड़े,उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर आकलन करने के बाद ही टिकट एक अच्छे नेता को दिया जाएगा ताकि विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित हो सके,वहीं जीताउ उम्मीदवार और कुशल नेतृत्व करने वाले नेता को ही टिकट दिया जाएगा। वहीं एक विधानसभा क्षेत्र से एक ही प्रत्याशी के नाम आगे दिए  जाने पर उमंग सिंघार बोले कि जमीनी स्तर पर आकलन होगा उसके बाद ही टिकट फाइनल की जाएगी।

इनसे पूछा जा रहा है कि उन्हें टिकट क्यों दिया जाए? संगठन में किन-किन पदों पर पहले सेवाएं दे चुके हैं। कितनी बार पार्टी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। इत्यादि जानकारी जुटाई गई। इनसे संवाद कर टिकट के लिए बेहतर विकल्प के चयन और बगावत के आसार को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।

पहले चरण में उमंग सिंघर बीते कल सोलन और सिरमौर जिला के 10 चुनाव क्षेत्रों के टिकट दावेदारों से बैठकें कर चुके हैं। आज शिमला में होगी और कल यानी शनिवार को मंडी संसदीय क्षेत्र की बैठकें रखी गई है। यहां मंडी की 9 विधानसभा सीटों करसोग, सुंदरनगर, नाचन, सराज, दरंग, मंडी, जोगेंद्रनगर, बल्ह और सरकाघाट के टिकट दावेदारों के साथ बैठक होगी। रविवार को मंडी लोकसभा क्षेत्र के ही भरमौर, लाहौल स्पीति, मनाली, कुल्लू, बंजार और आनी के टिकट दावेदारों से बैठक होगी।

शिमला जिला में ठियोग, चौपाल और शिमला सीट पर कांग्रेस के टिकट आवंटन में पेंच फंस सकता है। यह तीनों सीटें कांग्रेस के लिए सिरदर्द साबित हो सकती हैं। ठियोग में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर, भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुई इंदू वर्मा, एक बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके दीपक राठौर और केहर सिंह खाची ने टिकट के लिए आवेदन कर रखा है। चौपाल में टिकट की जंग पूर्व विधायक डॉ. सुभाष मंगलेट और संगठन के महामंत्री रजनीश किमटा के बीच मानी जा रही है। शिमला शहरी सीट पर 15 से ज्यादा आवेदन हैं।

दूसरे चरण में धीरज गुजर कांगड़ा और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सभी विधानसभा हल्कों की बैठकें करेंगे। धीरज गुजर 10 से 13 सितंबर तक धर्मशाला, पालमपुर, नूरपुर व चम्बा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह पार्टी प्रत्याशियों के चयन बारे पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेंगे। 10 सितम्बर को धर्मशाला में कांगड़ा के धर्मशाला, कांगड़ा, नगरोटा, शाहपुर, देहरा व जस्वा परागपुर के ब्लॉक कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं से मिलेंगे।

11 सितम्बर को गुजर पालमपुर में पालमपुर ज़ोन के पालमपुर, सुलह, जयसिंहपुर, ज्वालामुखी व बैजनाथ ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। 12 सितम्बर को वह नूरपुर में नूरपुर जोन के नूरपुर, इंदौरा, फतेपुर व ज्वाली ब्लॉक के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। 13 सितंबर को चम्बा, डलहौजी, चुराह व भटियात ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों व पार्टी कार्यकर्ताओं से उनके चुनाव क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी प्रत्यशियों बारे पूरा फीडबैक लेंगे

बता दें कि उमंग सिंघार वीरवार से 11 सितंबर तक प्रदेश के दौरे पर है। इस दौरान वह पार्टी उम्मीदवारों के चयन बारे पार्टी कार्यकर्ताओं से उनके विचारों को जान रहे हैं। बीते वीरवार को सोलन में शिमला संसदीय क्षेत्र के तहत पड़ने वाली 10 विधानसभा चुनाव क्षेत्रों नालागढ़, दून, सोलन,कसौली,अर्की,पच्छाद, नाहन, श्री रेणुका जी, पौण्टा साहिब व शिलाई विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से प्रत्याशी बारे पूरा फीडबैक लें रहे हैं।
वहीं 9 सितंबर को सिंघार शिमला में नौ विधानसभा क्षेत्रों रोहड़ू, रामपुर, चौपाल, ठियोग, कसुम्पटी,शिमला शहरी, शिमला ग्रमीण, जुब्बल कोटखाई व मंडी संसदीय क्षेत्र के तहत पड़ने वाले किन्नौर के पार्टी प्रत्यशियों के चयन बारे फीडबैक लेंगे। 
credit bhaskar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *