हिमाचल प्रदेश में मौसम ने शनिवार से फिर करवट ली | इसी बीच वीकेंड पर सैंकड़ों सैलानियों ने भी शिमला का रुख किया | राजधानी शिमला में बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे हैं। भारी संख्या में पर्यटक वाहनों के शहर में पहुंचने से पार्किंग पैक हो गईं और सड़कों पर लंबा जाम लग गया। दोपहर एक बजे ही सर्कुलर रोड पर स्थित बहुमंजिला पार्किंग के सभी फ्लोर पैक हो गए। वाहनों की आवाजाही बढ़ने से शहर का ट्रैफिक प्लान पटरी से उतर गया और टुटीकंडी क्रासिंग से विक्ट्री टनल तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण बाहरी राज्यों से शिमला पहुंचे सैलानियों और स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ी। दोपहर 12:30 बजे के करीब टुटीकंडी क्राॅसिंग से पुराने बस अड्डे तक पहुंचने में वाहनों को पौने घंटे का समय लग गया।
शनिवार को सुबह से ही पर्यटक वाहनों के शिमला पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था। दोपहर एक बजे लिफ्ट कार पार्किंग, मैट्रोपोल पार्किंग और पर्यटन निगम की होटल हालीडे होम पार्किंग पैक हो गईं। इसके बाद सैलानियों ने सड़क किनारे यहां वाहन खड़े करने शुरू कर दिए जिससे जाम की समस्या पेश आई। तेज धूप में वाहनों में कैद सैलानियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सर्कुलर रोड को मालरोड से जोड़ने वाली पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट के बाहर देर शाम तक सैलानियों की लंबी कतारें लगी रहीं। लंबे इंतजार के बाद सैलानियों को लिफ्ट में प्रवेश मिला। शनिवार को रिज मैदान और मालरोड पर देर शाम तक सैलानियों की भारी भीड़ रही। सैलानियों ने शिमला के अलावा कुफरी और नारकंडा का भी रुख किया।
