राज्यपाल ने अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के शुभारंभ कार्यक्रम की अध्यक्षता की


राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने जिला कुल्लू के देव सदन में रूपी-सराज कला मंच, हिमाचल कला, भाषा एवं संस्कृति अकादमी और संस्कार भारती हिमाचल प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने भारत की समृद्ध संस्कृति और उच्च परम्पराओं की विभिन्न आयामों को प्रदर्शित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि हमें इन परंपराओं को पुनर्स्थापित करने के लिए काम करना चाहिए।
श्री आर्लेकर ने कहा कि प्रत्येक राष्ट्र के अस्तित्व का एक उद्देश्य होता है और हमारी परम्पराओं ने पूरी दुनिया को शिक्षित किया है। संपूर्ण विश्व हमारे विचारों, अस्तित्व, धरोहर और परम्पराओं से सीख रहा है परंतु दासता वाली मानसिकता ने हमें हमारी परंपराओं से दूर कर दिया है। अब समय है कि हम वैचारिक स्वतंत्रता की ओर अग्रसर हों। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मेलन हमें इस दिशा में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण प्रत्यक्ष रूप से हमसे जुड़े हुए हैं और हमारा प्रतिबिंब उनसे प्रदर्शित होता है। यह हमारा दायित्व है कि हम इस सम्मेलन के माध्यम से सार्थक संवाद करें और समाज के प्रति अपना योगदान देते हुए दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बनें।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह नीति हमारी मानसिकता को परिवर्तित करने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि विश्व के विकसित राष्ट्र अपनी भाषा का उपयोग करके विकसित हुए हैं। अब वर्तमान समय की मांग है कि हम अपनी मातृभाषा को अपनाएं और इस शिक्षा नीति के कारण यह संभव हो पाएग। उन्होंने अमृत काल के इस अवसर पर लोगों का आह्वान किया कि देश के विकास में अपना योगदान सुनिश्चित करें। उन्होंने लोगों से स्वदेशी अपनाने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कुल्लू के उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक और आदित्य ठाकुर को उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया। उन्होंने प्रो. इंद्र ठाकुर की किताब का विमोचन भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *