Nation Speaks

Ab Bolega Hindustan

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नई दिल्ली मेें मल्लिकार्जुन खड़गे से की  भेंट 

1 min read
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री  सुखविंदर सिंह सुक्खू के अलावा राज्य के तमाम बड़े चेहरें  बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भेंट की। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं हिमाचल प्रदेश के प्रभारी राजीव शुक्ला भी उपस्थित थे।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुख्यमंत्री और सभी कांग्रेस विधायकों को विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज करने और राज्य में कांग्रेस को सत्तासीन होने पर बधाई दी। उन्होंने प्रतिभा सिंह, सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री और सभी पार्टी नेताओं की कड़ी मेहनत की सराहना की। 
 
उन्होंने राजीव शुक्ला को चुनाव अभियान की निगरानी करने के लिए बधाई दी। पार्टी के सभी नेताओं से एकजुट होकर राज्य के लोगों के लिए काम करने और घोषणा-पत्र में किए गए सभी वादों को तुरंत लागू करने के लिए कहा ताकि गरीब से गरीब व्यक्ति विकास कार्यों से लाभान्वित हो सके। उन्होंने राष्ट्र के विकास के एजेंडे को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के दृष्टिकोण के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
राजीव शुक्ला ने सभी विधायकों का स्वागत करते हुए राज्य में कांग्रेस की सत्ता वापसी पर बधाई दी। उन्होंने पार्टी नेतृत्व को उनके मार्गदर्शन और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए राज्य सरकार मजबूती और स्थिरता से कार्य करेगी।

मुख्यमंत्री ने पार्टी नेतृत्व को उनके मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया जिसके फलस्वरूप चुनावों में कांग्रेस पार्टी की जीत सुनिश्चित हुई है। उन्होंने कहा कि चुनाव जन कल्याण से संबंधित मुद्दों पर लड़े जाते हैं और कांग्रेस की विचारधारा का मुख्य केंद्रबिंदु जन कल्याण ही है। उन्होंने कहा कि सभी पार्टी नेताओं ने कड़ी मेहनत की और जन कल्याण की विचारधारा को जमीनी स्तर तक लोगों के बीच पहुंचाया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई सरकार किए गए वादों को पूरा कर लोगों को बेहतर सेवा और शासन देने का पूरा प्रयास करेगी।
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं और केंद्रीय पार्टी नेतृत्व का पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को पूरे चुनावी अभियान में सहयोग प्रदान करने तथा उचित मार्गदर्शन कर जीत सुनिश्चित करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अब नई सरकार प्रदेश की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का भरसक प्रयास करेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने सभी विधायकों को उनकी जीत पर बधाई दी और विशेष तौर पर सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और राजीव शुक्ला का धन्यवाद किया जिन्होंने राज्य में कांग्रेस की जीत को संभव बनाया। उन्होंने कहा कि पार्टी के हर कार्यकर्ता ने प्रदेश में कांग्रेस की जीत के लिए कड़ी मेहनत की और यह गर्व की बात है कि पार्टी ने एकजुट होकर चुनाव लड़ा।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी संजय दत्त, एआईसीसी के सचिव और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने में सहयोग और मार्गदर्शन के लिए महासचिव प्रियंका गांधी और सांसद के.सी. वेणुगोपाल का भी आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *