मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में शिक्षकों की अस्थाई भर्ती नहीं की जाएगी। प्रदेश सरकार जब भी शिक्षकों की भर्ती करेगी तो यह सिर्फ और सिर्फ लोक सेवा आयोग के माध्यम से ही की जाएगी।
दरअसल बीते मंगलवार को राज्य सचिवालय में कैबिनेट सब कमेटी की बैठक के बाद उद्योग मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान ने बताया था कि हिमाचल प्रदेश में बिना साक्षात्कार लिए सिर्फ शैक्षणिक योग्यता के आधार पर हजारों अस्थायी शिक्षकों की भर्ती होगी।जनजातीय और दूरदराज क्षेत्रों के स्कूलों में दो या तीन साल के लिए यह नियुक्तियां होंगी। नीति के तहत राज्य कैडर की शिक्षा निदेशक और जिला की भर्तियां उपनिदेशक करेंगे।
सीएम ने कहा कि जो भी नियुक्तियां होंगी, वह पब्लिक सर्विस कमीशन के माध्यम से की जाएंगी। सरकार पारदर्शिता में विश्वास रखती है और जब भी खाली पदों पर भर्ती होगी, वह पूरी पारदर्शिता के साथ होगी। बैकडोर से कोई भी भर्ती नहीं की जाएगी। प्रदेश सरकार ने कमेटी बनाई है और उससे शिक्षकों के खाली पदों की जानकारी मांगी गई है।
मुख्यमंत्री का बड़ा बयान, कहा नहीं होगी शिक्षकों की अस्थाई भर्ती
