शुक्रवार को इंटक से संबंधित हिमाचल कंस्ट्रक्शन एंड मनरेगा मजदूर यूनियन के तत्वावधान में मजदूरों द्वारा प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष रैली का आयोजन किया गया। स्वारघाट के लोक निर्माण विभाग से शुरू होकर स्वारघाट बाजार से होते हुए नारेबाजी करती हुई यह रैली एस डी एम कार्यालय पहुंची जहां पर एस डी एम स्वारघाट धर्मपाल के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांगो को लेकर ज्ञापन प्रेषित किया गया। मजदूरों का कहना था कि श्रम कल्याण बोर्ड से पूर्व में जिस तरह से मजदूरों का पंजीकरण व नवीनीकरण किया जा रहा था उसे यथावत जारी रखा जाए। इसके साथ ही श्रम कल्याण बोर्ड में पिछले 3 वर्षो से विभिन्न सुविधाओं के रोके गए क्लेम की अदायगी मजदूरों को शीघ्र की जाए।
मजदूरों का कहना था कि मनरेगा में कार्यरत मजदूरों को 1 साल में 200 दिन का रोजगार देने के साथ साथ साप्ताहिक अवकाश भी प्रदान किया जाना चाहिए। मजदूरों ने मांग उठाई कि निजी क्षेत्र में मकान मालिकों से लेबर सैस जमा करवाने की शर्त को वापिस लेने के साथ ही मनरेगा में कार्यरत मजदूरों को पी डबल्यू डी मजदूरों की तर्ज पर 350 रु दिहाड़ी प्रदान की जाए। मजदूर नेताओं का भी कहना था कि श्रम कल्याण बोर्ड के माध्यम से मजदूरों को जो लाभ दिए जाते थे उनको बंद करने संबंधी अधिसूचना को मजदूर हित में तुरंत रद्द किया जाए।
मजदूरों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ निकाली रोष रैली
