दारचा-शिंकुला स‌ड़क पर रेस्क्यू के बाद 9 मजदूरों को लाया गया सुरक्षित दारचा

बीते बुधवार रात करीब 10:00 बजे पुलिस पोस्ट दारचा को सूचना मिली कि दारचा शिंकुला रोड पर बीआरओ की लोकेशन 18 किलोमीटर के पास 9 मजदूर फंसे हुए हैं, जिनके पास कोई हीटिंग उपकरण उपलब्ध नहीं है जिनकी मदद से वे वहां पर रात काट पाए व जिस इलाके में वे फंसे हैं वहां पर हिमस्खलन आने की भी संभावना है।

इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस चौकी दारचा से पुलिस टीम अपने निजी वाहन से मौके के लिए रवाना हुई और रारिक पहुंचकर उन्होंने पाया कि इस वाहन का आगे जाना संभव नहीं है। जिस पर उन्होंने ररिक गांव के किसी व्यक्ति की मदद लेने की सोची जिसकी मदद से वे वहां से आगे जा सकें।

इस पर छेरिंग जिग्मे नाम के शख्स ने अपना 4*4 कैंपर पुलिस को मुहैया कराया और खुद पुलिस टीम के साथ रेस्क्यू के लिए आगे बढ़ा। लोकेशन 18 किलोमीटर पर पहुंचने के बाद उक्त पुलिस टीम को पता चला कि मजदूर यहां से 2 किलोमीटर आगे फंसे हुए हैं और वाहन का वहां पहुंचना संभव नहीं है। ऐसे में पुलिस टीम ने अपने विवेक का इस्तेमाल करते हुए वहां से आगे पैदल चलना ही उचित समझा।

कड़ी मशक्कत और जद्दोजहद के बाद पुलिस टीम मजदूरों तक पहुंची तो पाया कि सभी मजदूर सुरक्षित हैं और उन्हें तुरंत रेस्क्यू कर सकुशल पालोमो लाया गया।  पुलिस टीम को इस बचाव कार्य में करीब 7:30 घंटे लगे और यह बचाव कार्य सुबह 5:30 बजे पूरा किया गया। आपात स्थिति में या कोई सम्बन्धित जानकारी प्राप्त करने व देने हेतु जिला आपदा नियंत्रण कक्ष या जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के फोन नम्बर 9459461355,   8988092298 पर सम्पर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *