जिला लाहौल स्पीति के लाहौल घाटी में देर रात से ही एक बार फिर से बर्फबारी का दौर जारी हो गया है। वहीं पूरी लाहौल घाटी फिर से सफेद चादर से ढक गई है। लाहौल घाटी में बर्फबारी को देखते हुए मनाली केलांग सड़क मार्ग एक बार फिर से वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है। वहीं अटल टनल भी पर्यटकों के लिए फिलहाल बंद कर दी गई है। मौसम की स्थिति साफ होने के बाद एक बार फिर से अटल टनल वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दी जाएगी। बीते मंगलवार को लाहौल घाटी की ऊंची चोटियों पर हिमपात का दौर जारी रहा। लेकिन रात के समय मौसम खराब होने के चलते अब निचले इलाकों में भी बर्फबारी हो रही है। ऐसे में लाहौल घाटी का जनजीवन एक बार फिर से प्रभावित हो गया है। हालांकि लोक निर्माण विभाग के द्वारा घाटी की भीतरी ग्रामीण सड़को को वाहनों की आवाजाही के लिए खोला जा रहा था। अब बर्फबारी के कारण सड़क खोलने के अभियान पर भी इसका असर पड़ा है। इसके अलावा कुल्लू जिला के पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर जारी है और निचले इलाकों में बारिश हो रही है। बारिश के कारण कुल्लू का जनजीवन प्रभावित हुआ है और सड़कों पर पानी जमा हो गया है। शहरों में सड़कों पर पानी जमा होने के चलते लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है वहीं वाहनों के कारण गंदा पानी सड़क किनारे चल रहे राहगीरों पर गिर रहा है। जिला कुल्लू में बिजली महादेव, खीरगंगा, मानतलाई, चंद्र खनी, मलाणा, पीर की पहाड़ियों पर बर्फबारी हो रही है।
डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग ने जानकारी देते हुये कहा कि मौसम की स्थिति को देखते हुए लोग पहाड़ों की तरफ ना जाए।। वही पर्यटन व्यवसाई भी पर्यटकों को इस बात की जानकारी अवश्य दें। ताकि बर्फबारी के कारण किसी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े।
