जयराम ठाकुर ने कुल्लू में मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना-राज्य स्तरीय लाभार्थी संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता की

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बुधवार को जिला कुल्लू के ढालपुर मैदान में मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना-राज्य स्तरीय लाभार्थी संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर ढालपुर मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्ज्वला योजना तथा मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के अन्तर्गत 160 करोड़ रुपये लागत से  4.72 लाख निःशुल्क गैस कनेक्शन लोगो तक पहुंचाया है। हिमाचल प्रदेश देश में पहला ऐसा राज्य  है जहां हर घर में एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध है। लाभार्थियों को दो अतिरिक्त निःशुल्क रीफिल प्रदान किए जा चुके हैं। 
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक कारगर कदम उठाए गए हैं। प्रदेश में महिलाओं को हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में किराए में 50 फीसदी की छूट दी जा रही है। प्रदेश में परिवहन निगम की बसों में प्रतिदिन यात्रा करने वाली लगभग एक लाख 25 हजार महिलाओं को इस योजना से लाभ मिल रहा है।  आंगनबाड़ी, आशावर्कर सहित सभी विभागों में कार्य कर रहे पैरा वर्कर के मानदेय में प्रदेश भाजपा सरकार ने 900 रुपये से लेकर 4500 रुपये तक की बढ़ोतरी की है ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त हो सकें। 
 प्रदेश में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से भी स्वयं सहायता समूहों की दो लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित होंगी। बीपीएल परिवार की बेटियों के विवाह के लिए मुख्यमंत्री शगुन योजना के अन्तर्गत 31,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना से अभी तक प्रदेश में 6,626 बेटियों की शादी पर लगभग 20.54 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा चुकी है। 
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत ही बेसहारा लड़कियों के विवाह पर दिए जाने वाले अनुदान को वर्तमान प्रदेश सरकार ने 31,000 रुपये से बढ़ाकर 51,000 रुपये किया है। विधवा पुनर्विवाह योजना के अन्तर्गत भी प्रदेश सरकार 65,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। 
 
 प्रदेश में बेटी है अनमोल योजना के अन्तर्गत 1 लाख 36 हजार 920 लाभार्थियों को 40.86 करोड़ रुपये की सहायता, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत छः लाख से अधिक लाभार्थियों को लगभग 100 करोड़ रुपये, मदर टेरेसा असहाय मातृ संबल योजना के तहत 96,371 लाभार्थियों को 38.26 करोड़ रुपये की सहायता तथा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अन्तर्गत 8,255 लाभार्थियों को 39.29 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई है।
 मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के उपरान्त ढालपुर मैदान में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रम पर आधारित विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *