कर्मचारी राज्य बीमा योजना की राष्ट्रीय स्टेंडिंग कमेटी की बैठक हिमाचल प्रदेश के क्षेत्रीय कार्यालय बद्दी में आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं केन्द्रीय स्टेंडिंग कमेटी की सदस्य कामरेड अमरजीत कौर ने की। इस दौरान कामरेड अमरजीत कौर को परवाणू ईएसआई अस्पताल में पहुंचने पर हिमाचल एटक के प्रदेशाध्यक्ष कामरेड जगदीश भारद्वाज द्वारा पुष्प देकर सम्मानित किया गया । इस दौरान डाक्टर विनोद कपिल ने ईएसआई अस्पताल की कार्य प्रणाली से कमेटी को अवगत करवाया तथा अस्पताल में चल रही मजदूरों व अन्य मरीजों को स्वास्थ्य सम्बन्धी सुविधाओं के बारे मे विस्तृत जानकारी दी। इसके पश्चात ट्रेड यूनियन नेताओं के साथ साथ ओधोगिक संगठनों ने भी मजदूरों के हितों की सुरक्षा के बारे मे अपने विचार रखे। सतीश गोयल ने काला अम्ब में खोले गए अस्पताल का विरोध करते हुए पांवटा साहिब में अस्पताल खोलने की मांग की। वहीं बैठक में उपस्थित नेताओं ने चिकित्सकों की कार्य प्रणाली पर भी सवाल उठाए। जिस पर मेडिकल कमीशनर डाक्टर वानौरा नौगरुम ने कहा कि इस मामले की जांच की जाएगी तथा चिकित्सक वर्ग को हिदायत दी कि वह अपना कार्य निष्ठा व इमानदारी से करें। और शीघ्र ही इस व्यवस्था में सुधार लाया जाए। साथ ही बैठक में सभी बिंदुओं पर चर्चा के उपरान्त पाया गया कि अस्पताल में स्टाफ व मशीनरी की कमी को देखते हुए स्वास्थ्य सम्बन्धी सुविधा प्रदान करने में बाधा आ रही है। जिसके लिए कामरेड अमरजीत कौर ने कहा कि इस बैठक की विस्तृत रिपोर्ट केंद्रीय सरकार एवं बोर्ड आफ ट्रस्टी को भेज दी जाएगी।
कर्मचारी राज्य बीमा योजना की बैठक आयोजित
