बिलासपुर
एनटीपीसी कोलडैम के सौजन्य से मत्स्य विभाग द्वारा कोलडैम प्रभावित क्षेत्र में मछुआरों के लिए दो दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में कोलडैम जलाशय में कार्य कर रहे मछुआरों को मछली पालन से संबंधी जानकारी दी जाएगी।
वहीं, नई तकनीक से मछली व्यापार को बढ़ावा देने के बारे में भी मछुआरों को बताया जायेगा। मत्स्य विभाग द्वारा पहले दिन कोलडैम प्रभावित क्षेत्र के कसोल गांव में शिविर लगाया गया। कार्यक्रम में एनटीपीसी के चीफ जनरल मैनेजर कुलविंदर सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। मत्स्य विभाग के सहायक निदेशक श्याम लाल शर्मा ने मुख्य अतिथि को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
मुख्यतिथि ने शिविर में भाग ले रहे मछुआरों को अपनी शुभकामनाएं दी और कोलडैम जलाशय में मछली व्यापार को बढ़ाने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि कोलडैम जलाशय में पैदा हो रही मछली को पकड़ कर प्रभावित क्षेत्रों के लोग अपना स्वरोजगार अपना सकते हैं और इस काम में एनटीपीसी उनका पूरा सहयोग करेगी ।
इस अवसर पर एनटीपीसी के सीनियर मैनेजर राजीव सहदेव ने कोलडैम के विस्थापितों को लेकर चलाई गई योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोलडैम जलाशय से प्रभावित हुए विस्थापितों को इस क्षेत्र में पर्यटन और अन्य गतिविधियों को संचालित करने और बढ़ावा देने में एनटीपीसी द्वारा हर संभव सहायता प्रदान करेगी । उन्होंने कहा कि विकास की रफ्तार के साथ आने वाले समय में कोलडैम की झील पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगी जिसके लिए युवाओं को अभी से इस क्षेत्र में पर्यटन को लेकर अपनी योजनाएं भी तैयार करनी चाहिए ताकि उनके लिए स्वरोजगार पैदा हो सके। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे कोलडैम जलाशय से अपने मछली व्यापार को बढ़ावा दें जिससे उन्हें घर के समीप ही आर्थिक लाभ मिल सके।
इस अवसर पर एनटीपीसी और मत्स्य विभाग की ओर से सभी मछुआरों को मछली पकड़ने के जाल के साथ साथ प्रोत्साहन राशि भी भी प्रदान की गई।
कसोल सोसाइटी के प्रधान अनिल गौतम ने अपने सभी सदस्यों की ओर से इस जागरूकता शिविर लगाने के लिए मत्स्य विभाग और एनटीपीसी का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने का आग्रह किया।
इस जागरूकता शिविर में बहौट कसोल सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों से दर्जनों मछुआरों ने भाग लिया। कार्यक्रम में एनटीपीसी के सहायक मैनेजर पूर्ण सिंह तथा कसोल क्षेत्र के मत्स्य अधिकारी अजय कुमार भी उपस्थित रहे।
