सरकार ने कोर्ट तो खोले पर स्टाफ की नहीं की भर्ती: ब्योमेश

सरकार ने जिला कांगड़ा में पोक्सो और फैमिली कोर्ट तो खोल दिए लेकिन उनमें स्टाफ की भर्ती नहीं की। इन नए खुले न्यायालयों में पुराने कर्मचारियों से ही काम चलाया जा रहा है, जिसके चलते इन पर अतिरिक्त काम का बोझ पड़ रहा है। यह बात हिमाचल प्रदेश न्यायिक कर्मचारी कल्याण संघ के जिलाध्यक्ष ब्योमेश ने पत्रकारों से रू-ब-रू होते हुए कही। उन्होंने कहा कि कांगड़ा मंडल के तहत करीब 18 कोर्ट आते हैं, लेकिन यहां पर करीब 90 क्लास वन से लेकर क्लास फोर तक के कर्मचारियों की कमी है। उन्होंने कहा कि न्यायिक कर्मचारियों के लिए पिछले ढाई साल से भर्ती एवं पदोन्नति नियमों को भी लागू नहीं किया गया है, जिसके चलते कई कर्मचारियों की पदोन्नतियां रुकी हुई हैं। इसके अलावा कर्मचारियों के पे स्केल पर भी खासा असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को उच्च स्तरीय कमेटी के माध्यम से उठाया गया है, लेकिन अभी तक उन्हें केवल मात्र आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने कहा कि कई कर्मचारी नए रिवाइज पे स्केल का इंतजार करते हुए सेवानिवृत हो गए हैं, लेकिन उन्हें यह लाभ नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने मांग की है कि उनकी इन मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि न्यायिक कर्मचारियों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *