Two buses burned overnight, police solved the case within two days.
हिमाचल प्रदेश ( himachal pradesh) के जिला कांगड़ा के बैजनाथ में दो दिन पहले हुई बस आगजनी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने भरवाना धार गांव निवासी सुशांत (34 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।
6 नवंबर की रात दो बसें जलकर खाक
यह हादसा 6 नवंबर की रात करीब 1:15 बजे हुआ था, जब सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बैजनाथ के पास खड़ी एचआरटीसी (HP68-5075) और सीटीयू (CH01-GA-7797) की बसों में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में दोनों बसें धू-धू कर जलकर राख हो गईं।
चालक ने जताया था साजिश का शक
एचआरटीसी चालक सुनील कुमार ने शिकायत में कहा था कि वह कंडक्टर के साथ विश्राम कक्ष में सो रहे थे। रात को शोर सुनकर बाहर निकले तो दोनों बसों में इंजन के पास आग लगी हुई थी। चालक ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर आग लगाने का संदेह जताया था।
पुलिस ने जुटाए तकनीकी साक्ष्य, मामला दर्ज
पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 326(जी) और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया।
फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया और CCTV फुटेज का विश्लेषण कर अहम सुराग जुटाए।
CCTV फुटेज से खुली पहचान, आरोपी गिरफ्तार
तकनीकी जांच में आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस ने 8 नवंबर को सुशांत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ जारी है और आगजनी के पीछे की मंशा की जांच की जा रही है।
विधायक और एचआरटीसी उपाध्यक्ष ने किया निरीक्षण
घटना के बाद एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा और विधायक बैजनाथ किशोरी लाल ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था और गश्त के निर्देश
अजय वर्मा ने अधिकारियों को बस अड्डों और पार्किंग स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाने तथा रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। विधायक किशोरी लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार इस घटना को गंभीरता से ले रही है और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को नहीं बख्शा जाएगा।
