Himachal’s daughter Renuka Singh offered the World Cup at Hatkoti Mata’s court.
महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्वकप जीतने के बाद भारतीय टीम की स्टार गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर शनिवार को हिमाचल लौटीं। दोपहर बाद वह शिमला ज़िले के हाटकोटी मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने मां हाटकोटी ( HATKOTI) के दरबार में माथा टेका और विश्वकप जीत की खुशी माता को समर्पित की। उनके घर पहुंचने की खबर फैलते ही इलाका जश्न में डूब गया।
मां के गले लगते ही छलके आंसू, हाटकोटी में गूंजे जयकारे
हाटकोटी पहुंचते ही रेणुका का स्वागत ढोल-नगाड़ों, फूलमालाओं और जयकारों से हुआ। मां सुनीता ठाकुर ने बेटी को गले लगाया तो दोनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। स्थानीय लोगों ने भी “भारत माता की जय” और “हिमाचल की शान रेणुका” के नारों से माहौल गूंजा दिया।
मां की मेहनत और समर्पण से मिली विश्व जीत की ऊंचाई
रेणुका ने कहा कि विश्वकप जीतना उनके जीवन का सबसे बड़ा पल है और यह सफलता वह अपने माता-पिता, कोच और हिमाचल की जनता को समर्पित करती हैं। तीन साल की उम्र में पिता को खो देने के बाद मां सुनीता ने संघर्षों के बीच बेटी का सपना जिंदा रखा। आज वही मेहनत रेणुका को उस मुकाम तक ले आई है, जहां पूरा देश गर्व से उन्हें सलाम कर रहा है।
